जरवलरोड (बहराइच)। ग्राम अली नगर निवासी एक ग्रामीण के घर में शनिवार सुबह अचानक आग लग गई। लपटों की चपेट में आकर सात और ग्रामीणों के घर राख हो गए। अग्निकांड में सात लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। क्षेत्रीय लेखपाल ने मुआयना कर रिपोर्ट तहसील को भेजी है।
जरवलरोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अलीनगर निवासी रामसेवक के घर में शनिवार सुबह 10 बजे के आसपास अचानक आग लग गई। घर में सिर्फ बच्चे और महिलाएं थीं। उन सभी ने भागकर जान बचाई।
देखते ही देखते लपटों ने पड़ोसी मदारी, फूलचंद्र, विजयभान, राजू, रिंकू, रामकुमार और लक्ष्मन के मकान को भी आगोश में ले लिया। चीख-पुकार मच गई। उस समय सभी परिवारों के पुरुष खेतों में काम कर रहे थे। सूचना पाकर सभी बदहवास मौके पर पहुंचे।
गांव वालों ने दो घंटे बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। अग्निकांड में मदारी के घर में रखे 46 हजार रुपये व सभी घरों की पूरी संपत्ति राख हो गई। सात लाख से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
लेखपाल शकील अहमद ने मौके का मुआयना कर रिपोर्ट तहसील को भेजी है लेकिन अब तक पीड़ित परिवारों को मुआवजा नहीं मिल सका है। फिलहाल, इन परिवारों के 50 से अधिक लोग खुले आसमान तले गुजर-बसर करने को विवश हैं।