बहराइच। बेटे के इलाज के लिए एक पिता ने बेटी के जेवर बेच दिए, भैंस भी बेच दी लेकिन बेटा स्वस्थ नहीं हुआ। इससे आहत पिता ने विषाक्त पदार्थ खाकर जान दे दी। मामला श्रावस्ती जिले का है।
बेटे का इलाज बहराइच शहर स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां चल रहा था। पुलिस ने पिता के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत प्रभुपुरवा गांव निवासी रामदेव के बेटे पंचम (19) के दिल में छेद है। रामदेव ने बेटे का स्थानीय डॉक्टरों से इलाज कराया लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे बहराइच शहर स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती करवाया गया।
पंचम के इलाज के वास्ते रामदेव ने बेटी के जेवर व भैंस बेंच दी लेकिन पंचम की हालत में सुधार नहीं है। इस बीच रामदेव कर्जदार भी हो गया। इससे आहत रामदेव ने रविवार देर शाम विषाक्त खा लिया।
उल्टी, पेट दर्द व बेचैनी होने पर परिवारीजनों को जानकारी हुई। रामदेव को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती करवाया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।