जिले में गोंडा और हुजूरपुर मार्ग पर हुए हादसों में एक बालिका समेत दो लोगों की मौत हो गई। इन हादसों में घायल हुए तीन लोगों को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। बालिका अपनी बड़ी बहन से मिलने कस्तूरबा गांधी विद्यालय जा रही थी।
उसे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंद दिया। दूसरे हादसे का शिकार हुए युवक की पहचान नहीं हो सकी है। हुजूरपुर क्षेत्र में गुलहरिया गाजीपुर निवासी अखिलेश कुमार की बड़ी बेटी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में जूनियर की छात्रा है। सोमवार सुबह छोटी बेटी परी (12) अपनी बड़ी बहन से मिलने स्कूल को जा रही थी।
इटहुआ गांव के निकट सड़क पार करते समय परी को पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंद दिया। यह देख आसपास के लोग दौड़े लेकिन तब तक चालक ट्रैक्टर समेत भाग निकला। आनन फानन में परी को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस सूचना से घर में कोहराम मच गया।
उधर गोंडा-बहराइच मार्ग पर पयागपुर क्षेत्र में कोल्हुवा गांव के पास सोमवार सुबह अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे एक युवक को रौंद दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।
सुबह नित्यक्रिया के लिए निकले ग्रामीणों ने युवक को सड़क पर पड़े देख थाने पर सूचना दी। थानाध्यक्ष विनोद अग्निहोत्री ने मौके पर पहुंचे तो युवक की मौत हो चुकी थी। करीब वाहन 34 वर्षीय की पहचान नहीं हो सकी है।