बहराइच। शहर स्थित राजा रेहुवा कोठी पर कब्जे को लेकर विवाद गहरा गया है। भवन मालकिन राजकुमारी देविना सिंह ने पूर्व सांसद कमल किशोर व उनके साथी शैलेंद्र गुप्ता के खिलाफ नगर कोतवाली में केस दर्ज कराया है।
दूसरे पक्ष से भी पूर्व सांसद की पत्नी की तहरीर पर राजकुमारी व अज्ञात लोगों पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। इस मामले को लेकर शनिवार को राजकुमारी ने अपने भवन पर प्रेस कांफ्रेंस बुलाई और पूर्व सांसद के सभी आरोपों को सिरे से नकार दिया।
शहर स्थित राजा रेहुआ हाता भवन बेड़नापुर स्टेट की संपत्ति है। स्टेट की राजकुमारी व कांग्रेस नेत्री देविना सिंह का कहना है कि वर्ष 2009 में कमल किशोर सांसद चुने गए तो तत्कालीन कांग्रेस जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह के कहने पर उन्होंने सांसद को कार्यालय खोलने व बैठक संपन्न कराने के लिए भवन दे दिया।
इसके लिए कोई एग्रीमेंट या कागजी कार्रवाई नहीं हुई थी। उनका कार्यकाल खत्म होने के बाद जब भवन खाली कराने का प्रयास शुरू किया तो वह अवैध कब्जा करने की कोशिश करने लगे।
देविना ने बताया कि जब बात नहीं बनी तो पूर्व सांसद का सामान उनके साथियों की मौजूदगी में बाहर कर दिया गया लेकिन पूर्व सांसद ने लूट, मारपीट, जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए नगर कोतवाली में केस दर्ज कराया है। जबकि सभी आरोप निराधार हैं।
राजकुमारी देविना सिंह ने पूर्व सांसद कमल किशोर व मेवतीपुरा निवासी शैलेंद्र गुप्ता के खिलाफ मारपीट, लूट आदि धाराओं में नगर कोतवाली में केस दर्ज करवाया है।