फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वन रेंज कार्यालय में उत्पात मचाने वाले 29 लोगों पर केस

Wed, 04 Nov 2015 10:22 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/बहराइच
विज्ञापन
विज्ञापन
मिहींपुरवा (बहराइच)। मोतीपुर के वन रेंज कार्यालय पर मंगलवार देर रात हमला कर दो वन अपराधियों को छुड़ाने और तोड़फोड़ कर उत्पात मचाने के मामले में 29 लोगों पर केस दर्ज हुआ है।
विज्ञापन


इनमें नौ लोगों को नामजद किया गया है। घटना के बाद से सभी आरोपी व छुड़ाए गए अपराधी फरार हैं। आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

गौरतलब है कि मोतीपुर गांव निवासी सलमान उर्फ दुल्लर को सागौन का पेड़ काटने के आरोप में मंगलवार शाम वनकर्मियों ने रेंज कार्यालय के लॉकअप में डाल दिया था।

दुल्लर की सिफारिश करने आए महबूब को भी बैठा लिया था। इसके विरोध में दर्जनों की संख्या में गांव के लोगों ने रेंज कार्यालय में तोड़फोड़ की। कर्मचारियों को मारापीटा भी, जिसमें रेंजर समेत छह कर्मचारी जख्मी हुए थे।
विज्ञापन


इस मामले में देर रात वन क्षेत्राधिकारी खुर्शीद आलम की तहरीर पर पुलिस ने मोतीपुर गांव निवासी महबूब अली, साबित अली, सद्दाम, राजू, गिच्चा, इमरान, निक्कू उर्फ राजकिशोर समेत नौ लोगों को नामजद करते हुए 20 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।

थानाध्यक्ष मोहम्मद यासीन ने बताया कि दुल्लर और महबूब के समर्थकों ने उत्पात मचाते हुए लॉकअप तोड़कर वनकर्मियों पर हमला किया था।

इसके चलते धारा 147, 148, 323, 225, 452, 504, 427, 333 और 364 के तहत केस दर्ज किया गया है। चार बार छापा मारा गया लेकिन फरार आरोपी नहीं धरे गए। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

हमले की सूचना मिलने के बाद देर रात नानपारा सीओ भारत यादव ने भी रेंज कार्यालय का मुआयना कर थानाध्यक्ष को उत्पाती ग्रामीणों के गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

आरोपी की मां का पलटवार

बहराइच। मोतीपुर रेंज कार्यालय से आरोपियों को छुड़ाने और तोड़फोड़ करने के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। अपराधी की मां ने रेंजर समेत आठ वनकर्मियों को घर में घुसकर महिलाओं के साथ अभद्रता करने और नकदी तथा जेवरात लूटने का आरोप लगाया है।

मोतीपुर निवासी कलीमुन का कहना है कि रेंजर खुर्शीद आलम दो नवंबर की रात उसके घर पर अपने सात कर्मचारियों के साथ आए थे। पुत्र सलमान के बारे में पूछताछ की।

सलमान के घर पर न होने की बात कहने पर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए सभी घर में घुस गए। कलीमुन का कहना है कि उसके बाल पकड़कर वनकर्मियों ने जमीन पर पटक दिया।

चीखने पर बहू और बेटियां दौड़ीं तो उनके साथ भी अभद्रता करते हुए मारापीटा। इसके बाद कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर 10 हजार रुपये, सोने व चांदी के जेवरात व मोबाइल लूट ले गए।

पूरे परिवार को फर्जी मामले में फंसाने की धमकी दी। कलीमुन का कहना है कि वह थाने गई लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उधर इस मामले में रेंजर खुर्शीद आलम का कहना है कि मंगलवार को रेंज कार्यालय पर हुए घटना से बचाव के लिए पेशबंदी की जा रही है। उसी के तहत फर्जी आरोप लगाए जा रहे हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें