विजिलेंस ब्यूरो ने पुलिस चौकी फग्गनमाजरा के इंचार्ज को 5000 रुपये की रिश्वत लेते हुए बुधवार को यहां गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चौकी इंचार्ज के खिलाफ विजिलेंस ने केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
विजिलेंस ब्यूरो के इंस्पेक्टर रविंदर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता गुरजीत सिंह सेखों निवासी रणजीत नगर भादसों रोड पटियाला की सूचना पर विजिलेंस ने कार्रवाई की है। शिकायतकर्ता पेशे से ट्रांसपोर्टर है और उसके पास दो मिनी बसें हैं। एक बस पटियाला से दित्तपुर वाया बारन, फग्गनमाजरा, चलैलां और दूसरी बस पटियाला से रोडेवाल बाया बारन फग्गनमाजरा चलती है।
पुलिस चौकी फग्गनमाजरा तहसील व जिला पटियाला के इंचार्ज एएसआई मनजीत सिंह की ओर से शिकायतकर्ता ट्रांसपोर्टर को बार-बार तंग किया जा रहा था कि अगर उसकी चौकी के एरिया में बसें चलानी हैं, तो उसे 5000 रुपये बतौर रिश्वत देने पड़ेंगे।
ट्रांसपोर्टर ने इस संबंधी विजिलेंस ब्यूरो को शिकायत कर दी। इस पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो ने आज एएसआई मनजीत सिंह को 5000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस मौके पर सरकारी गवाह विपिन सिंगला एसडीओ और राजेश वर्मा जेई दफ्तर वाटर सप्लाई एवं सैनिटेशन विभाग रहे।