रिसियामोड़/उर्रा। नानपारा-बहराइच मार्ग पर रविवार को तेज रफ्तार पिकअप ने सड़क पार कर रहे गल्ला व्यवसायी को रौंद दिया। व्यवसायी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं, मोतीपुर थाना क्षेत्र के उर्रा-हरखापुर मार्ग पर रविवार सुबह ट्रिपलिंग कर रहे एक बाइक को तेज रफ्तार ऑटो ने टक्कर मार दी। बाइक सवार वृद्ध समेत तीन लोग घायल हो हुए हैं। बाइक चालक के हेलमेट लगाने से उसे कम चोट आई।
रिसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला आजाद नगर निवासी गल्ला व्यवसायी ननकऊ (58) पुत्र रामखेलावन रविवार दोपहर गल्ले की खरीददारी के लिए रिसियामोड़ बाजार गया था।
वह जब होटल पर चाय पीने के लिए सड़क पार कर दूसरी ओर जा रहा था तभी नानपारा की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। व्यवसायी सड़क पर गिर गया, तभी पीछे से आयी दूसरी पिकअप उसे रौंदती हुई निकल गई। रिसिया पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा है।
उधर, मोतीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत निबिया गौढ़ी निवासी सुग्रीव (30) अपने रिश्तेदार नंदू (70) को बीमार होने के कारण इलाज कराने के लिए मिहींपुरवा बाजार ले जा रहा था। बाइक पर गांव निवासी विनय (35) भी सवार था।
उर्रा-हरखापुर मार्ग पर कारीकोट के निकट पहुंचते उर्रा बाजार से गूढ़ की ओर जा रहे ऑटो ने बाइक को तेज टक्कर मार दी। हेलमेट लगाने से बाइक चला रहे सुग्रीव को कम चोट आई। जबकि वृद्ध नंदू को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।