नवाबगंज (बहराइच)। जमदान गांव निवासी एक ग्रामीण का गांव के कुछ लोगों से जमीन की अदला बदली को लेकर रात में बातचीत हो रही थी।
इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग भड़क उठे। उन सभी ने कुल्हाड़ी से हमला कर वृद्ध को लहूलुहान कर दिया। उसे गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने इस मामले में तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपी भाग गया है।
नवाबगंज थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत भंगहर के मजरा जमदान निवासी रामखेलावन व गांव के राजितराम की जमीन आसपास स्थित है।
सोमवार रात दोनों व्यक्ति जमीन की अदला बदली को लेकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान गांव निवासी छोटे भी मौके पर पहुंच गए।
बातचीत के दौरान ही कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान छोटे और उनके सहयोगियों ने रामखेलावन पर हमला कर दिया।
एक व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से वार किया। इससे रामखेलवान लहूलुहान हो गया। भागकर जान बचाई। चीख पुकार सुनकर आस पड़ोस के लोग दौड़े। इस पर हमलावर भाग गए।
रामखेलावन ने थाने पहुंचकर राजितराम, छोटे और अंगद को नामजद करते हुए तहरीर दी है। एसओ हरिश्चंद्र का कहना है कि घायल को स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।