रतेहिया गांव में दहेज के लिए एक विवाहिता की मंगलवार रात गला दबाकर हत्या कर दी गई। पिता की तहरीर पर पति और ससुर समेत चार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
वहीं, ससुराल पक्ष के लोग उसके फांसी लगाकर जान देने की बात कह रहे हैं। बांके जिले के भगवानपुर वार्ड नंबर दो निवासी नजीर खां ने थाने पर दी तहरीर में कहा है कि उसने बेटी समीरूल (25) का विवाह साल भर पूर्व नवाबगंज थाना अंतर्गत बालापुर रतेहिया गांव निवासी छोटू खां के साथ किया था।
लेकिन विवाह के बाद से ही दहेज के लिए उसकी बेटी को परेशान किया जा रहा था। इस कारण मंगलवार रात को गला दबाकर बेटी की हत्या कर दी गई। नजीर ने बताया कि वह मंगलवार को परसोहना गांव में रिश्तेदारी में बेटे के साथ निमंत्रण पर आए थे। वहीं पर बेटी के मौत की जानकारी हुई।
ऐसे में बेटी की ससुराल पहुंचने पर लोग बिना सूचना के बेटी के शव को दफनाने की तैयारी कर रहे थे। ससुराल पक्ष के लोग समीरूल द्वारा फांसी लगाने की बात कह रहे हैं। थानाध्यक्ष आलोक राय का कहना है कि मामला संदिग्ध होने के कारण शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।