स्कूल में टूटकर गिरा बिजली का तार, बाल-बाल बचे बच्चे
सुल्तानपुर। भदैंया क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर परिसर में बृहस्पतिवार सुबह खंभे से बिजली का तार अचानक शॉर्ट सर्किट से टूट कर गिर गया। उस समय विद्यालय के बच्चे अध्ययन कक्षों में मौजूद थे। तार गिरने की सूचना अध्यापकों ने पावर कॉर्पोरेशन को दी। काफी देर बाद पोल की विद्युत आपूर्ति बंद की गई। हालांकि बच्चों के कमरे में मौजूद रहने से बड़ा हादसा टल गया।
प्राथमिक विद्यालय में रोज की तरह बृहस्पतिवार को भी कक्षाओं में पढाई चल रही थी। करीब नौ बजे विद्यालय परिसर से होकर गुजरे तार में शॉर्ट सर्किट होने लगी। अचानक तार टूटकर विद्यालय परिसर में उस स्थल पर गिर पड़ा जहां पर बच्चों को मध्याह्न भोजन खिलाया जाता है। आनन-फानन में विद्यालय के अध्यापकों ने घटना की जानकारी पावर कॉर्पोरेशन को देते हुए आपूर्ति बंद करने को कहा। विद्युत आपूर्ति बंद होने पर विद्यालय में मौजूद शिक्षकों ने राहत की सांस ली।