फर्जी प्रमाण पत्र से सरकारी नौकरी पाने वाले डॉक्टर निलंबित
गौरीगंज। फर्जी जाति प्रमाण पत्र के सहारे नौकरी हासिल करने के आरोपी पीएचसी के चिकित्सक को जांच के बाद निलंबित कर दिया गया। डॉक्टर को आयुर्वेद निदेशालय से संबद्ध किया गया है। निदेशक ने चिकित्सक को रिसीव कराने के साथ संबंधित थाने में केस दर्ज कराने का आदेश सीएमओ को दिया है।
तिलोई के शाहमऊ पीएचसी पर तैनात आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. विक्रमादित्य सिंह के बार में शासन स्तर शिकायत हुई थी। उन पर अनुसूचित जाति के फर्जी प्रमाण पत्र के सहारे नौकरी हथियाने का आरोप था। शासन स्तर पर प्रकरण की जांच में आरोप सही पाया गया। इसके बाद निदेशक ने चिकित्सक को तत्काल निलंबित करते हुए उसे आयुर्वेद निदेशालय से संबद्ध कर दिया और विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।
निदेशक ने सीएमओ डॉ. आरएम श्रीवास्तव को आदेश की प्रति भेजते हुए आरोपी चिकित्सक के खिलाफ संबंधित थाने में केस दर्ज कराने को कहा है। बृहस्पतिवार को सीएमओ ने तिलोई सीएचसी अधीक्षक डॉ. दयाल शरण दुबे को आरोपी चिकित्सक को निलंबन आदेश की प्रति रिसीव कराने के साथ ही प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश दिया है।