बहराइच। जिला अस्पताल में बर्थ एक्सपीसिया व बुखार से पीड़ित एक किशोरी समेत दो की मौत हो गई। परिवारीजन रोते हुए शव लेकर घर चले गए हैं। वहीं बुखार और अन्य संक्रामक बीमारियों से पीड़ित 14 और रोगी भर्ती हुए हैं। इनमें दो रोगियों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
जिला अस्पताल में मौसम परिवर्तन के साथ संक्रामक रोगियों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। जिला अस्पताल में रानीपुर निवासी मर्जीना को बुधवार को भर्ती कराया गया था। मर्जीना ने बेटी को जन्म दिया। जन्म के एक घंटे बाद ही उसकी तबियत बिगड़ गई। इस पर उसे चिल्ड्रेन वार्ड के आईसीयू में भर्ती कराया गया। यहां पर इलाज शुरू होते ही नवजात ने दम तोड़ दिया। उधर विशेश्वरगंज के लखनगोंडा निवासी प्रीती (12) पुत्री नाथू प्रसाद की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। चिकित्सकाें के मुताबिक प्रीती को बुखार के साथ खून की भी कमी थी। जिससे उसे बचाया नहीं जा सका। परिवारीजन रोते-बिलखते शव लेकर घर चले गए हैं। उधर बुखार और अन्य संक्रामक रोगों से पीड़ित 14 और रोगी भर्ती हुए हैं। इनमें दो रोगियों की हालत नाजुक बताई जा रही है।