नवाबगंज (बहराइच)। महरू मुर्तिहा गांव निवासी एक युवक टिकट बुकिंग कराने नवाबगंज आया था। टिकट बुकिंग कराने के बाद रात होने पर युवक अपने बहनोई के यहां पैदल जा रहा था। तभी धन्नी गांव के पास बाइक सवार ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे वह गिर गया। आसपास के लोगों ने उसे सीएचसी पहुंचाया। यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। देर रात इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।
श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना अंतर्गत महरू मुर्तिहा गांव निवासी आरिफ खान (20) पुत्र सुभान खान विदेश जाना चाहता था। इसके लिए वह टिकट बुकिंग कराने नवाबगंज कस्बा स्थित साइबर कैफे पर आया था। यहां पर टिकट बुकिंग कराने के बाद वह गांव के लिए रवाना हुआ। लेकिन रात अधिक हो जाने पर परिवारीजनों ने छेदा गांव निवासी बहनोई सज्जन के यहां रुकने की बात कही। इस पर वह बहनोई के घर पैदल जाने लगा। इसी दौरान नानपारा की ओर से आ रहे बाइक सवार ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। यहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां पर इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना के बाद बाइक सवार मौके से भाग गया। पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।