जरवल (बहराइच)। लखनऊ से सिद्धार्थनगर जा रहे प्रेमी-प्रेमिका विवाद के बाद घाघराघाट रेलवे स्टेशन पर उतर गए। दोनों में स्टेशन पर भी विवाद किया। इसी दौरान बादशाहनगर से चलकर गोरखपुर जाने वाली ट्रेन आ गई। तभी विवाद से गुस्साई प्रेमिका अचानक ट्रेन के आगे कूद गई, जिससे कटकर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सिद्धार्थनगर जिले के अकरहा थाना क्षेत्र के शोहरतगढ़ निवासी हरिप्रसाद मिश्रा अपनी प्रेमिका प्रीति के साथ लखनऊ में रहता था। बुधवार देर शाम दोनों लखनऊ पैसेंजर ट्रेन से घाघराघाट रेलवे स्टेशन पर उतरे। यहां स्टेशन पर भी दोनों विवाद करने लगे। इस दौरान स्टेशन पर मौजूद लोगों ने प्रेमी व प्रेमिका को समझाया।
परिवारीजनों को मामले की जानकारी दी गई। इसके बाद उनके परिवारीजन जरवलरोड पहुंचे और समझाने पर सभी लोग घर सिद्धार्थनगर जाने को तैयार हो गए। प्रेमी के भाई सतीश मिश्रा ने बताया कि सब कुछ ठीक हो गया था। हम सभी प्लेटफार्म नंबर एक पर बैठकर चाय नाश्ता कर रहे थे।
तभी शाम सात बजे बादशाह नगर से चलकर गोरखपुर जा रही इंटरसिटी ट्रेन आ गयी। इसी दौरान अचानक प्रीति ट्रेन के आगे कूद गई, जिससे उसकी कटकर मौके पर ही मौत हो गई। रेलवे स्टेशन पर घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।