उड़ाका दल ने लखीमपुर सीमा पर कुड़वा वन वैरियर के निकट चेकिंग के दौरान करीब 400 लीटर तेजाब व अन्य केमिकल बरामद किया है। इसे लखीमपुर से लाया जा रहा था। केमिकल व वाहन को कब्जे में लेने के साथ पुलिस ने दो लोगों को पकड़ा लेकिन बाद में मुचलके पर छोड़ दिया गया।
मजिस्ट्रेट ओमप्रकाश की अगुवाई में उड़ाका दल सोमवार देर रात नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर कुड़वा वन वैरियर के निकट वाहनों की चेकिंग कर रहा था। इसी दौरान लखीमपुर की ओर से आ रहे मैजिक वाहन (यूपी31टी-7714) को रोक कर तलाशी ली तो बड़े-बड़े जरीकेन में रसायन भरा मिला।
जांच में पता चला कि 15 जरीकेन में सल्यफ्यूरिक एसिड (तेजाब), 120 पीस सिगनेटरी क्लीनर, 85 पीस केंपल चेजरी बरामद हुई। वाहन चालक आनंद दीक्षित पुत्र शिव गोविंद निवासी शिव कालोनी कोतवाली नगर व खलासी शुभम पुत्र रामदुलारे निवासी बौथा फरधान लखीमपुर को हिरासत में ले लिया।
दोनों बताया कि वह केमिकल को बहराइच में एक व्यक्ति के पास पहुंचाना था। उस व्यक्ति की जानकारी नहीं दे सके। केमिकल से संबंधित कागज भी नहीं दिखा सके। इस पर पुलिस ने रसायन और वाहन को सीज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष मोतीपुर राम अवतार यादव ने बताया कि पूछताछ के बाद चालक और क्लीनर को मुचलके पर छोड़ा गया है।