फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोटे का 2200 क्विंटल अनाज बाजार में पकड़ा

Sat, 30 Jul 2016 10:13 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
एसडीएम व पुलिस की छापेमारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
गरीबों के कोटे के अनाज की बड़े पैमाने पर कालाबाजारी की जा रही है। ऐसी ही एक सूचना पर एसडीएम और पुलिस की टीम ने शुक्रवार देर रात छापेमारी कर नानपारा के एक व्यवसायी के प्रतिष्ठान की फड़ से 500 क्विंटल और गोदाम से 1700 क्विंटल अनाज बरामद किया।
विज्ञापन


बरामद अनाज को सील कर नानपारा गोदाम प्रभारी के सुपुर्द किया गया है। छापेमारी की कार्रवाई शनिवार सुबह नौ बजे तक चली। इससे बाजार में अफरातफरी की स्थिति रही। रिपोर्ट डीएम को भेजी गई है। डीएम की अनुमति के बाद एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। प्रतिष्ठान व गोदाम मालिक और उसका सहयोगी फरार है। 

नानपारा नगर में शिवपुर-इमामगंज मार्ग पर राकेश टाकीज के निकट गल्ला व्यवसायी मारूफ का प्रतिष्ठान है। मारूफ द्वारा कोटे का अनाज खरीदने की शिकायत लोगों ने प्रशासन से की थी। शुक्रवार देर शाम को बड़े पैमाने पर कोटे का अनाज दुकान पर पहुंचाए जाने की सूचना डीएम को मिली तो एसडीएम अमिताभ यादव को कार्रवाई के निर्देश दिए।
विज्ञापन


एसडीएम ने सीओ अजय भदौरिया, प्रभारी निरीक्षक आरपी पांडेय, नायब तहसीलदार जसीम अहमद, पूर्ति निरीक्षक विमल गुप्ता आदि के साथ रात नौ बजे छापेमारी शुरू की। मारूफ प्रतिष्ठान में 500 क्विंटल गेहूं और चावल बरामद किया गया। इस दौरान मारूफ और उसका सहयोगी वसीम लारी मौके से फरार हो गया।

संदेह के आधार पर एसडीएम प्रतिष्ठान के दूसरे हिस्से में स्थित गोदाम को खुलवाया तो वहां 110 खाली सरकारी बोरे, भारी मात्रा में कोटे का गेहूं, चावल, चीनी व अन्य सामान बरामद हुआ। रात 12 बजे से गिनती और तौल शुरू हुई।

यह सिलसिला सुबह नौ बजे तक चला। प्रतिष्ठान और गोदाम से बरामद अनाज सीज कर नानपारा गोदाम प्रभारी जयशंकर की सुपुर्दगी में दिया गया है। एसडीएम अमिताभ यादव के मुताबिक मौके से 50, 60, 25 और 35 किलो की बोरियां बरामद हुई हैं।

उनमें चावल, गेहूं, अरहर की दाल व अन्य अनाज भरा था। तौल में अनाज का वजन 2254 क्विंटल के करीब मिला। बरामद अनाज की सूची बनाकर रिपोर्ट डीएम को भेजी गई है। मौके से बोरा सिलने की मशीन व इलेक्ट्रानिक कांटा भी मिला है।

डीएम की अनुमति मिलने पर पूर्ति निरीक्षक की ओर से प्रतिष्ठान व गोदाम मालिक मारूफ तथा उसके सहयोगी वसीम के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज किया जाएगा। दोनों की तलाश के निर्देश पुलिस को दिए गए हैं। 
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें