बहराइच। नानपारा पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोरों ने गिरोह का खुलासा करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से चोरी की 15 बाइकों के साथ आरटीओ की फर्जी मुहर, बीमा अभिलेख, दो तमंचे आदि बरामद हुए हैं।
गिरोह ने प्रदेश के कई जनपदों से वाहनों की चोरी कर नेपाल में बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया है।
कोतवाली नानपारा के प्रभारी निरीक्षक आरपी यादव गुरुवार सुबह टीम के साथ गश्त कर रहे थे। कोतवाली क्षेत्र के कग्गर मोड़ के निकट से पुलिस ने श्रावस्ती जनपद के मल्हीपुर थाना अंतर्गत जमुनहा बाजार निवासी इबरार अहमद, नानपारा के भदवारा निवासी नमून और बहराइच शहर के बड़ीहाट निवासी शानू को गिरफ्तार किया।
इनके कब्जे से पुलिस ने चोरी की 15 बाइकें बरामद की। संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय की फर्जी मुहरें, फर्जी कागजात बनाने के उपकरण, फर्जी रजिस्ट्रेशन पेपर, परिहवन विभाग का हॉलमार्क लगा ड्राइविंग लाइसेंस का फार्म बरामद किए गए।
एएसपी ग्रामीण रवींद्र सिंह ने बताया कि सभी बाइकों के नंबर बदलकर व फर्जी कागजात से नेपाल में ऊंचे दामों पर बेचते थे।
आसपास के जिलों से चुराते थे बाइक
गिरोह के सदस्यों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि सभी लगभग चार साल से चोरी की बाइकों को बेचने का काम कर रहे थे। बरामद बाइक नानपारा, लखनऊ, लखीमपुर व सीतापुर समेत अन्य स्थानों से चोरी की गई थी।