बसंत विहार कॉलोनी निवासी एक फाइनेंस कंपनी के एजेंट के घर से चोरों ने डेढ़ रुपये नकदी समेत सवा दो
लाख रुपये की संपत्ति पार कर दी। एजेंट ने चोरी की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी लेकिन अभी केस दर्ज नहीं हुआ है। आसपास के लोगों में दहशत है।
कोतवाली देहात क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला एलआरपी कॉलोनी में वोडाफोन टावर के पास स्थित बसंत विहार कॉलोनी निवासी ज्ञानचंद्र वर्मा एक फाइनेंस कंपनी में एजेंट हैं। वह कॉलोनी निवासी सियारानी श्रीवास्तव के मकान में किराए पर रहते हैं। ज्ञानचंद्र बुधवार को निजी कार्य से बाहर गए थे।
रात में चोरों ने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर 1.47 लाख नकदी, सोने का एक लॉकेट, कान की झुमकी व सोने की अंगूठी समेट ली। ज्ञानचंद्र के मुुताबिक घर पर रखा पैसा कंपनी के कलेक्शन का था। उन्होंने गुरुवार को कोतवाली में तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
सवा लाख का मेंथा आॅयल चोरी
उर्रा (बहराइच)। मोतीपुर के उर्रा बाजार निवासी गोपाल गुप्ता मेंथा आयल के खरीद फरोख्त का काम करते हैं। उनकी मकान के अगले हिस्से में दुकान है। प्रतिदिन की तरह बुधवार रात नौ बजे के आसपास गोपाल ने दुकान बंद की। रात में बिजली न होने के चलते परिवार के लोग छत पर सो रहे थे तभी चोरों ने दुकान का दरवाजा तोड़कर उसमें रखा 130 लीटर मेंथा आयल पार कर दिया। अन्य कीमती सामान भी चोर समेट ले गए। सुबह परिवार के लोग जब सोकर उठे और दुकान का ताला टूटा देखा तो सकते में आए। दुकान में रखा मेंथा आयल के जरीकेन गायब थे। व्यवसायी गोपाल के मुताबिक चोरी गए मेंथा आयल की कीमत सवा लाख रुपये है। इस मामले में उसने अज्ञात के खिलाफ थाने पर तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।