बहराइच। सीएमओ सभागार कक्ष में गुरुवार को विश्व डेंगू दिवस पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें स्वास्थ्य कर्मियों को डेंगू से बचाव के टिप्स दिए गए। साथ ही आसपास स्वच्छता रखने के निर्देश दिए गए।
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्साधिकारी सभागार में विश्व डेंगू दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन हुआ, जिसके मुख्य अतिथि सीएमओ डॉ. सुरेश सिंह रहे व अध्यक्षता जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. अनिल मिश्र ने की। कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला मलेरिया अधिकारी ने कहा कि डेंगू रोग मच्छरों के काटने से पनपता है। यह मच्छर दिन में काटते हैं तथा यह तीन फीट से अधिक ऊंचे नहीं उड़ पाते हैं।
सीएमओ डॉ. सुरेश सिंह ने कहा कि स्वच्छता ही डेंगू से बचाव का मुख्य उपाय है। अपने आसपास स्वच्छता रखें तथा गंदगी न फैलने दें। सूचना अधिकारी रवींद्र कुमार त्यागी ने कहा कि डेंगू से बचाव के लिए लोग फुल आस्तीन के कपड़े पहनें।
अपने आसपास पानी एकत्रित न होने दें। जूता-चप्पल में भी पानी एकत्रित न होने दें। इस मौके पर नोडल अधिकारी डॉ. अनिल कुमार, डॉ. विजय वर्मा, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. योगिता जैन, डीपीएम डॉ. आरबी यादव, मोहम्मद राशिद खान समेत तमाम स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद रहे।