खुटेहना (बहराइच)। गोंडा-बहराइच मार्ग पर खुटेहना के पास सोमवार सुबह एक युवक का शव लहूलुहान हालत में मिला। उसके शरीर पर गहरे जख्म थे। हत्या के बाद सड़क किनारे शव फेंके जाने की आशंका है। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पयागपुर थाना अतर्गत गोंडा-बहराइच मार्ग पर स्थित बनवारी देवी इंटर कॉलेज के पास सोमवार सुबह राहगीरों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। आसपास के ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर पयागपुर थानाध्यक्ष बृजेश कुमार पांडेय व चिलवरिया चौकी इंचार्ज दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।
युवक के सिर व अन्य स्थानों पर गहरे जख्म थे। इससे हत्या कर शव फेंकने की आशंका है। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से लाश की शिनाख्त करने की कोशिश की लेकिन पहचान नहीं हो सकी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष के आसपास है। उसके सिर में गहरे जख्म हैं। कान से भी खून निकला है।
मौत का कारण संदिग्ध है। ऐसे में फोटोग्राफी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।