जरवल (बहराइच)। पुलिस ने रुदाइन गांव के पास से एक बाइक चोर को गिरफ्तार किया। उसके पास लखनऊ से चुराई बाइक बरामद हुई है। देशी तमंचा व दो कारतूस भी मिले।
पुलिस ने बाइक सीज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है। आरोपी ने साढ़े चार माह पूर्व बाइक लखनऊ से चोरी की थी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने जिले के थानाध्यक्षों को रात्रि गश्त के निर्देश दिए हैं। उसी के तहत जरवलरोड थाने के प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार मिश्रा की अगुवाई में टीम लखनऊ मार्ग पर रात्रि गश्त कर रही थी।
रात्रि गश्त के दौरान रुदाइन चौराहे पर एक बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर बाइक सवार भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस ने बाइक सवार से कागजात मांगे तो वह नहीं दिखा सका।
पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। एसओ ने बताया कि उसने अपना नाम समीर खान उर्फ बबलू झर्रा निवासी चौक जरवल कस्बा थाना जरवलरोड के रूप में बताया।
उसने साढ़े चार माह पूर्व लखनऊ के लोहिया अस्पताल के सामने से बाइक चोरी की थी। इसका मुकदमा विभूतीखंड थाने में दर्ज है।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक अदद तमंचा व दो जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। बरामद बाइक सीज कर दी गई है।
देशी तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार
रिसियामोड़। रिसिया थानाध्यक्ष जयदीप दूबे ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर रिसिया-इटकौरी मार्ग पर पुलिस ने गश्त शुरू की। इटकौरी गांव के पास एक युवक को पकड़ लिया।
उसके पास से देशी तमंचा व दो कारतूस बरामद हुए। उसकी पहचान फकीरे निवासी मुकेलिया रिसिया के रूप में हुईं है। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।