दलित को पीटकर किया लहूलुहान
बहराइच। खैरा गांव निवासी एक दलित को कुछ लोगों ने रास्ते में रोककर पिटाई कर दी। लहूलुहान हालत में वह थाने पहुंचा। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
रानीपुर थाना अंतर्गत ग्राम खैरा निवासी गुल्ले (60) ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि वह छह अगस्त की रात को खेत की फसल देखकर लौट रहा था। इस दौरान गांव निवासी परमेशर, रामप्रकाश, अंकल और राकेश ने उसे रोक लिया। इसके बाद जानवरों की पिटाई का आरोप लगाते हुए उस पर हमला कर दिया। बेहोशी की हालत में गांव के लोग उसे क्षेत्र पंचायत सदस्य जयराम वर्मा के आवास पर ले गए। यहां से डायल 100 की पुलिस उसे थाने ले गई। जहां पहुंचने पर पुलिस ने सुबह आने की बात कही। सुबह पहुंचने पर पुलिस ने केस दर्ज करने से इंकार कर दिया। इस बारे में थानाध्यक्ष विजय कुमार का कहना है कि जानवर चराने का विवाद है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।