बिछिया (बहराइच)। नेपाल से तस्करी कर दिल्ली ले जायी जा रहीं दो युवतियों को भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी के जवानों ने जांच के दौरान पकड़ लिया। दो मानव तस्कर भी एसएसबी के हत्थे चढ़े हैं। पूछताछ के बाद सभी को नेपाल पुलिस को सौंप दिया गया है। पकड़ी गई युवतियों को मानव तस्कर दिल्ली में नौकरी का झांसा देकर सीमा पार करवा रहे थे।
एसएसबी 70वीं वाहिनी के सहायक निरीक्षक प्रेम सिंह वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को सुबह भारत-नेपाल सीमा पर मानव तस्करों की सक्रियता की सूचना मिली थी। इस पर हेड कांस्टेबल आलोक सोनकर, मुकेश वर्मा आदि के साथ गश्त तेज कर दी गई। गश्त के दौरान सीमा चौकी के निकट नेपाली युवतियों के साथ एक महिला व एक पुरुष युवक सीमा पार करता दिखा।
पूछताछ के दौरान युवतियों के बर्दिया जिले के एक गांव के निवासी होने का पता चला। युवतियों ने बताया कि महिला व उनके साथ मौजूद युवक ने दिल्ली में नौकरी दिलाने की बात कही है। इंस्पेक्टर कृष्णकुमार ने बताया कि पूछताछ में पूरा मामला मानव तस्करी का निकला। इस पर बर्दिया जिले की पुलिस व वहां मानव तस्करी के लिए काम करने वाले संस्था को सूचना दी गई।
बर्दिया पुलिस की टीम एनजीओ प्रतिनिधि उजाला चौधरी के साथ मौके पर पहुंची। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों युवतियों व पकड़े गए मानव तस्करों को नेपाल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।