उर्रा (बहराइच)। ससुराल में पत्नी को विदा कराने गए एक युवक की लाश पेड़ से लटकती हुई मिली। सूचना पाकर पहुंचे पिता ने पुत्र की हत्या कर लाश को पेड़ से टांगे जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीण भी इतने ऊंचे स्थान पर युवक द्वारा फांसी लगाए जाने की बात से इंकार कर रहे हैं।
कोतवाली मुर्तिहा अंतर्गत मझरा जियनपुरवा गांव निवासी संतोष कुमार (25) पुत्र कैलाश का विवाह दो वर्ष पूर्व कोतवाली क्षेत्र के दनईगौढ़ी गांव निवासी सालिकराम की पुत्री रजावती से हुई थी। विवाह के कुछ माह बाद से ही रजावती मायके में रहने लगी। मृतक के पिता कैलाश ने बताया कि दो दिन पूर्व पत्नी ने संतोष को घर बुलाया।
इस पर संतोष पत्नी की विदाई के लिए ससुराल चला गया। वहां पर ससुरालीजनों ने पत्नी को विदा करने से इंकार कर दिया। बुधवार सुबह संतोष की लाश गांव से कुछ दूरी पर स्थित आंवले के पेड़ पर लगभग 40 फीट की ऊंचाई पर लटकती मिली। खेत जा रहे लोगों ने लाश पेड़ से लटकते देख गांव के लोगों को जानकारी दी।
आसपास के लोग पहुंचे। संतोष के परिवारीजनों को सूचना दी गई। परिवारीजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। पिता ने ससुरालीजनों पर बेटे की हत्या कर शव पेड़ से टांगे जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी।
ग्रामीण भी इतनी ऊंचाई पर फांसी लगाने की बात को समझ से परे बता रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक श्याम सरोज ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तीन बार ससुराल में हो चुकी है बेटे की पिटाई
मृतक संतोष के पिता कैलाश ने बताया कि पत्नी को विदा कराने के लिए उनका पुत्र ससुराल तीन बार गया। लेकिन बहू की विदाई नहीं की गई। उल्टे पुत्र को मारापीटा गया। इस बार पुन: सभी ने मारपीट कर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।