फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

1533 लोगों ने लगाया पौने दो करोड़ का चूना

Wed, 16 Mar 2016 08:56 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बहराइच
विज्ञापन
विज्ञापन
बहराइच। दूसरी पेंशन स्कीमों का लाभ उठा रहे 1533 लोगों ने अपने ब्यौरे छिपाकर समाजवादी पेंशन योजना का भी लाभ ले लिया। इसका खुलासा एनआईसी लखनऊ की फीडिंग के दौरान हुआ।
विज्ञापन


एनआईसी ने फर्जीवाड़ा करने वालों की सूची जिला प्रशासन को भेज दी है। इस पर समाज कल्याण विभाग ने इन सभी की पेंशन तत्काल निरस्त कर दी है।

लगभग पौने दो करोड़ रुपये का चूना प्रशासन को लगा है। डीएम ने सभी बीडीओ को ये सूची भेजकर मामले का सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं।

कोई गरीब पेंशन के लिए भटक रहा है तो कोई गरीब पेंशन के लिए चक्कर लगाकर थक चुका है। लेकिन, बहराइच के 1533 लोग  ऐसे हैं, जो दो-दो पेंशन स्कीमों का फायदा उठा रहे थे।

मालूम हो कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2014 में समाजवादी पेंशन स्कीम लागू की थी। इसके तहत प्रति माह पांच सौ रुपये पेंशन दी जाती है, जबकि अन्य योजनाओं में महज तीन सौ रुपये पेंशन ही मिल रही थी।
विज्ञापन


अधिक पेंशन पाने की लालच में समाजवादी पेंशन योजना के तहत 1533 लोगों ने आवेदन कर दिए, जबकि ये पहले से वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और विकलांग पेंशन योजना का लाभ उठा रहे थे।

राज्य सूचना विज्ञान केंद्र लखनऊ ने एक माह पूर्व सभी योजनाओं की फीडिंग शुरू की। जांच में सामने आया कि बहराइच जनपद के नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों के 1533 लोग ऐसे हैं, जो पहले से ही दूसरी पेंशन योजनाओं का लाभ उठा रहे थे।

वर्ष 2014-15 और 2015-16 में पेंशन लेते हुए सभी ने लगभग एक करोड़ 83 लाख 96 हजार रुपये की सरकारी रकम हजम कर ली है। मामला पकड़ में आने के बाद सूची जनपद के समाज कल्याण विभाग को भेजी गई तो हड़कंप मच गया।

समाज कल्याण विभाग ने तत्काल प्रभाव से इन लोगों की पेंशन निरस्त कर दी है। अब योजनावार सत्यापन करने के लिए डीएम ने सभी 14 विकास खंडों के खंड विकास अधिकारियों को पत्र भेजा है।

दूसरी योजनाओं के पैसे की भी हो रही जांच

जिला समाज कल्याण अधिकारी डीके सिंह का कहना है कि किन विभागों की ओर से इन लोगों को अभी तक कितनी रकम दी जा चुकी है, इसका सत्यापन भी कराया जा रहा है। इसके बाद सामने आ सकेगा, इन लोगों ने कितनी धनराशि हासिल की है, उसी अनुसार कार्रवाई शुरू की जाएगी।  

यह हो सकती है कार्रवाई
दूूसरी योजनाओं का ब्यौरा छिपाकर समाजवादी पेंशन योजना का लाभ लेने वाले लोगों के सत्यापन की कार्रवाई हो रही है। विभागीय अधिकारियों की मानें तो इनको पहले से मिल रही पेंशन के पैसे को समायोजित करने की कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है, या फिर सभी से वसूली भी हो सकती है।

हो रहा सत्यापन
समाजवादी पेंशन योजना के तहत लाभ पा रहे 1533 लोगों के नाम सामने आए हैं। इन सभी की पेंशन निरस्त कर दी गई है। अब सत्यापन की कार्रवाई हो रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

- डीके सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी, बहराइच
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें