जरवल (बहराइच)। आग की लपटों ने शनिवार को कैसरगंज तहसील के बीबीपुर चकापुरवा गांव में तबाही मचाई। अज्ञात कारणों से लगी आग में 12 आशियाने राख हो गए। नौ लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
इन परिवारों के लगभग 150 लोग खुले आसमान तले गुजर बसर करने को मजबूर हो गए हैं। क्षेत्रीय लेखपाल ने मुआयना कर रिपोर्ट तहसील को भेजी है।
कैसरगंज तहसील क्षेत्र अंतर्गत विकासखंड जरवल के बीबीपुर चकापुरवा गांव में शनिवार दोपहर अचानक लगी आग से राजेश, हुकुमराज, पुत्तन, राजकरन, हरिप्रसाद, दिलीप, मेहरबान, मनीराम, राजित, मैकू समेत 12 मकान आग की भेंट चढ़ गए।
घर में रखा अनाज, कपड़ा, बर्तन, जेवर समेत गृहस्थी का सारा सामान राख के ढेर में तब्दील हो गया है। आग लगने की सूचना थाने और तहसील पर दी गई लेकिन जब ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया उसके एक घंटे बाद दमकल मौके पर पहुंचा।
क्षेत्रीय लेखपाल ने क्षति का आकलन किया है। रिपोर्ट तहसील भेजी गई है लेकिन अभी तक पीड़ित परिवारों को राहत सहायता नहीं मिल सकी है।
श्रावस्ती में आग से दस घर राख
रतनापुर/जमुनहा (श्रावस्ती)। दो गांवों में लगी आग से दस घर जलकर राख हो गए। ग्रामीणों और दमकल कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग से करीब सात लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
ग्राम लक्ष्मनपुर कोठी के मजरा कुट्टीपुरवा में शुक्रवार देर रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। इसकी चपेट में आने से रामधीरज व द्वारिका, दयाल, पृथ्वी व अज्ञाराम के घर जल कर राख हो गए।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग को ौर फैलने से रोका। आग से इन पांचों ही घरों में रखा कपड़ा बर्तन अनाज सहित करीब तीन लाख रुपये का सामान जल कर नष्ट हो गया।
वहीं मलहीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सुनडीह के मजरा जयपत्तर पुरवा में शनिवार दोपहर अज्ञात कारणों से लतीफ के अहाते में आग लग गई। ग्रामीण जब तक आग पर काबू पाते आग की लपटों ने पड़ोसी हसन मोहम्मद पुत्र अफजल, शब्बीर पुत्र इसाक, मुनिजर पुत्र अवसान खां, किताबुल पत्नी दोस्त मोहम्मद के घरों को भी अपनी आगोश में ले लिया।
आग को बढ़ता देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना दमकल कर्मियों को दी। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों व मल्हीपुर पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। इस दौरान आग से शब्बीर के घर में रखे चालीस हजार रुपये नगद, सोने चांदी के गहने तथा अन्य चार घरों में रखे कपड़े, अनाज सहित करीब चार लाख का सामान जलकर राख हो गया।