नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर दोंदरा नाला के निकट बहराइच जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही बस को टक्कर मार दी। इसके बाद एक बाइक सवार से टकराया। इस हादसे में बस में सवार 12 यात्री घायल हो गए। बस चालक समेत पांच की हालत नाजुक बताई जा रही है।
सभी को सीएचसी भर्ती कराया गया जहां से चालक जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मोतीपुर क्षेत्र में जालिमनगर से यात्रियों को लेकर नानपारा जा रही सवारी बस (यूपी14 बीटी 5625) को नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर दोंदरा नाला पुल के निकट सामने से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।
इसके बाद ट्रक चालक ने भागने की कोशिश की जिससे एक बाइक सवार को टक्कर लगी। आसपास के लोगों की घेराबंदी के चलते चालक कुछ दूर ट्रक को रोक कर भाग निकला। इस हादसे में बस चालक अकबरपुरा कोतवाली नगर निवासी लईक अहमद (32), मनगौढ़िया निवासी राजेश कुमार, गूढ़ निवासी संतोष, झाला निवासी राजेश समेत 12 यात्री घायल हो गए।
बाइक सवार मिहींपुरवा निवासी राज वर्मा (32) भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। सूचना पर नानपारा के प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर वर्मा ने मौके पर पहुंच घायलों को सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के दौरान बस चालक लईक की हालत नाजुक देखकर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक का चालक व क्लीनर फरार हैं।