जरवल (बहराइच)। बारावफात जुलूस के दौरान चेयरमैन और पूर्व चेयरमैन के समर्थकों के बीच विवाद हो गया था। पुलिस ने जांच के बाद चेयरमैन पति समेत नौ लोगों के खिलाफ छेड़छाड़ समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जरवलरोड थाना अंतर्गत जरवल कस्बे में बारावफात जुलूस के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष तस्लीम बानो और नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन अनीस रायनी के समर्थकों के बीच कस्बे के मोहल्ला कटरा में कहासुनी और झड़प हो गई थी।
बारावफात जुलूस के साथ चल रहे संभ्रांत लोगों और पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को मौके पर समझाकर शांत करा दिया था। मंगलवार देर रात दोनों पक्षों के समर्थक फिर उसी विवाद के मामले को लेकर जरवल पुलिस चौकी पहुंच गए। हंगामा करना शुरू कर दिया।
इस पर भारी संख्या में पुलिस बल बुलाकर सख्ती दिखाते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने चेयरमेन पति की तहरीर पर बबलू, बिलाल, कीवा तथा कलीम निवासी अहमदशाह नगर व दूसरे पक्ष की तहरीर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि व पति इंतिजार अहमद, अरमान अली, रमजान अली, बाबू, जमील अहमद निवासी मोहल्ला अहमदशाह नगर जरवल के विरुद्ध बलवा, धमकी, घर में घुस कर मारपीट तथा छेड़छाड़ करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पूर्व चेयरमैन अनीस रायनी और वर्तमान चेयरमैन प्रतिनिधि व पति इंतजार अहमद उर्फ मिथुन ने अपने समर्थकों के बीच मारपीट की घटना से इन्कार किया है। प्रभारी निरीक्षक श्याम बहादुर सिंह ने बताया की दोनों पक्षों की तहरीर पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। रात में पुलिस चौकी पर हंगामा करने वालों की पहचान की जा रही हैं।