बहराइच। जिले में कोरोना रिकवरी दर 98.8 प्रतिशत पहुंच गई है जबकि कोरोना मृतकों की दर में भी कमी आई है। पहले मृत्यु दर 1.8 प्रतिशत थी जो अब 1.2 पहुंच गई है। कोविड अस्पताल में भर्ती 13 मरीजों को कोविड अस्पताल से घर भेजा गया है। वहीं बीते एक सप्ताह में कोरोना संक्रमितों की संख्या में भी कमी आई है।
जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या में काफी गिरावट आई है। बीते एक सप्ताह में महज छह से 12 संक्रमित ही मिले हैं जिससे स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ जिलेवासी भी राहत की सांस ले रहे हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में कोरोना की रिकवरी दर 98.8 प्रतिशत पहुंच गई है।
सीएमओ ने बताया कि मृत्यु दर में भी काफी कमी आई है। पहले संक्रमितों की मृत्यु दर 1.8 प्रतिशत थी जो इस समय 1.2 पहुंच गई है। बताया कि स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के साथ चलाए गए जागरूकता कार्यक्रम के साथ जिलेवासियों ने कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सावधानी बरती जिससे मृत्यु दर काफी कम रही।
जिला सर्विलांस आफिसर डॉ. तवरेज अहमद ने बताया कि मंगलवार को 11 और बुधवार को दो कोरोना मरीज कोविड अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर भेजे गए हैं। इसके अलावा जिले में होम आइसोलेट कोरोना मरीजों को भी निगेटिव आने पर डिस्चार्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि होम आइसोलेट निगेटिव आए लोगों को अभी दो हफ्ते तक घर पर ही रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतिदिन 1550 के आसपास जांच हो रही है। इनमें एंटीजन और आरटीपीसीआर जांच हो रही है। सीएमओ ने बताया कि कोरोना जांच की पहले जो सैंपलिंग होती है, उसी प्रकार आज भी सैंपलिंग हो रही है लेकिन संक्रमितों की संख्या में काफी गिरावट आई है।