बहराइच। जिले में रविवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना रिपोर्ट जारी की गई। जिसमें 146 लोग कोरोना पॉजिटिव आए हैं। सभी को होम आइसोलेट करा दिया गया है। इनमें शहर क्षेत्र के 93 लोग निवासी हैं। जबकि तेजवापुर विकास खंड के आठ लोग संक्रमित हैं। 33 लोगों का होम आइसोलेशन पूरा हो गया। कुल एक्टिव केस 1158 हो गई है।
कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम नहीं हो रही है। प्रतिदिन 150 के आसपास संक्रमितों की संख्या निकल रही है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से रिपोर्ट जारी की गई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि 146 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें शहर क्षेत्र के सर्वाधिक 93 पॉजिटिव शामिल हैं। जबकि तेजवापुर विकास खंड में आठ, बलहा में सात, चित्तौरा छह, हुजूरपुर, मिहींपुरवा व जरवल में चार-चार, महसी, नवाबगंज व पयागपुर में दो-दो, शिवपुर सात, कैसरगंज तीन, रिसिया, नानपारा व विशेश्वरगंज निवासी एक-एक लोग संक्रमित आए हैं। सभी को होम आइसोलेट करा दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की रिस्पांस टीम द्वारा संक्रमितों को दवा दी जाएगी। सीएमओ ने बताया कि रविवार को 33 संक्रमितों का होम आइसोलेशन पूरा हुआ। जिले में कुल एक्टिव केस की संख्या 1158 पहुंच गई है। जबकि कुल संक्रमित 5525 हो गई है। उधर स्वास्थ्य विभाग की ओर से 1639 लोगों की कोरोना जांच की गई। जिसकी आरटीपीसीआर रिपोर्ट दूसरे दिन जारी होगी।
अस्पताल को कराया सैनिटाइज
मेडिकल कॉलेज में तैनात चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. मुकेश जिंदल, नेत्र सर्जन डॉ. रिजवान, डिप्टी सीएमओ डॉ. योगिता जैन शनिवार को आई रिपोर्ट में कोरोना पाजिटिव मिलीं। सीएमएस डॉ. डीके सिंह ने बताया कि संबंधित चिकित्सकों के ओपीडी को सैनिटाइज कराया गया है। जबकि ओपीडी का संचालन दो दिन पूर्व से ही बंद चल रहा है।
एल-टू में भोजन न मिलने की उड़ी अफवाह
स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज में पुराने महिला अस्पताल के निकट कोरोना मरीजों के लिए एल-टू अस्पताल का संचालन होता है। इसमें गंभीर संक्रमितों को भर्ती किया जाता है। रविवार को एक कोरोना संक्रमित ने अपने परिचित को फोन कर 24 घंटे से भोजन व नाश्ता न मिलने की बात कही। परिचित ने अन्य लोगों से शिकायत की। शिकायत के बाद व्यवस्था दुरुस्त मिली। सीएमओ डॉ. राजेश मोहन का कहना है कि एल-टू अस्पताल में नाश्ता व भोजन संबंधित विभाग द्वारा बराबर किया जा रहा है।