15 बीएचआर 01 - बहराइच में बुधवार की रात को रात्रि कर्फ्यू के दौरान गश्त करती अधिकारियों की गाड़ियां।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए बुधवार से लागू नाइट कर्फ्यू का असर सड़कों पर दिखा। नगर मजिस्ट्रेट पुलिस के साथ सड़कों पर माइक लेकर लोगों को सचेत करते दिखे। वहीं, सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा दिखा। 9 बजे से पहले ही दुकानें बंद हो गई थीं। इक्का-दुक्का लोग गुजर रहे थे, जिनको भी पुलिस की फटकार का सामना करना पड़ रहा था।
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिलाधिकारी शंभु कुमार ने बुधवार से नाइट कर्फ्यू लागू किए जाने का आदेश जारी किया था। नाइट कर्फ्यू लगाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने सख्ती बरतनी शुरु कर दी। रात 9 बजे के बाद सड़कों पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन ही दिख रहे थे। इक्का-दुक्का लोग सड़कों पर निकले, मगर उनको पुलिस के तीखी सवालों का सामना करना पड़ा। नगर मजिस्ट्रेट अनिल सिंह व सीओ सिटी विनय द्विवेदी भी सड़क पर लगातार माइक से लोगों को सचेत करते हुए घूम रहे थे। यही हाल ग्रामीण क्षेत्रों का भी रहा। रिसिया में नाइट कर्फ्यू के बाद सड़क व गलियों में सन्नाटा दिखा। दुकानें पूरी तरह से बंद रहीं।