पुरैना(बहराइच)। ग्राम पंचायत लक्खारामपुर निवासी अलखराम पांडेय ने गांव के कुछ लोगों पर फर्जी दस्तावेज के आधार पर उनके मृतक भाई की जमीन हड़पने के साजिश का आरोप लगाया है। न्यायालय के आधार पर पुलिस ने अलखराम की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के लक्खापुरवा निवासी अलखराम पांडेय ने आरोप लगाते हुए बताया कि उनके भाई सुरेश की मौत हो चुकी है और परिवार रजिस्टर में 28 अक्तूबर 2007 को ही दर्ज हो गया था। लेकिन विपक्षी देवतादीन, अशोक कुमार व जगदंबा सिंह ने जमीन हड़पने के लिए दो अज्ञात व्यक्तियों सोनू व मोनू को सुरेश के बेटे के रूप में प्रस्तुत किया। वहीं इन फर्जी व्यक्तियों के नाम से शपथ पत्र तैयार कर पंचायत विभाग में दाखिल कर परिवार रजिस्टर में नाम दाखिल करवा दिया। जिसकी जानकारी होने पर उन्होंने शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई ध्यान नहीं दिया। जिसके बाद न्यायालय की शरण ली और न्यायालय के आदेश पर सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी ज्ञान सिंह ने बताया कि धोखाधड़ी की धाराओंं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।