बहराइच। दशमेश पिता गुरु सिंह जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर शनिवार को नगर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। बोले सो निहाल, सत्य श्री अकाल... से पूरा नगर गूंज उठा। नगर कीर्तन में श्रद्धा, भक्ति और शौर्य का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसे देखकर लोग मुग्ध हो गए।
नगर कीर्तन का मुख्य आकर्षण रूस, स्कॉटलैंड सहित कई देशों में अपने युद्ध कौशल का प्रदर्शन कर चुके इंटरनेशनल धर्म निशाने खालसा ग्रुप रहा। ग्रुप के गुरप्रीत सिंह के नेतृत्व में सिख युवाओं और बच्चों ने गतका और शौर्य प्रदर्शन कर लोगों को हतप्रभ कर दिया। वहीं इंडिया गॉट टैलेंट विजेता चार साल के सुरखाब सिंह और पांच साल के सूरमा पंथ प्रीत सिंह के साहसिक करतबों ने सभी का ध्यान खींचा।
गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष मनदीप सिंह वालिया ने बताया कि नगर कीर्तन पीपल चौराहा स्थित गुरुद्वारे से प्रारंभ होकर घंटाघर, छावनी, अग्रसेन चौक, डिगिहा तिराहा, गुरुनानक चौक, छोटी बाजार होते हुए वापस गुरुद्वारा पहुंचा। फूलों से सजी अलौकिक पालकी में गुरु ग्रंथ साहिब जी की अगवानी पंज प्यारों ने की। इसमें गौरा, धनौली, डीहवा, मटेरा, हीरा सिंह पुरवा, पयागपुर और फखरपुर की संगत भी शामिल हुई।
नगर कीर्तन के दौरान छोटे-छोटे बच्चों ने स्वच्छता की जिम्मेदारी संभाली और प्रसाद वितरण के बाद सड़क की सफाई करते नजर आए। हजूरी रागी भाई फतेह सिंह ने शब्द कीर्तन से संगत को निहाल किया। जगह-जगह चाय और नाश्ते के स्टॉल लगाए गए।
समापन पर हेड ग्रंथी ज्ञानी विक्रम सिंह जी ने अरदास कराई, जिसके बाद गुरु का अटूट लंगर चला। इस अवसर पर संरक्षक मनजीत सिंह, जगनंदन सिंह, भूपेंद्र सिंह वालिया, जगजीत सिंह, परमजीत सिंह, देवेंद्र सिंह बेदी, आत्मजीत सिंह, मीडिया प्रभारी परविंदर सिंह, जसपाल सिंह, हरप्रीत सिंह, डॉ. बलमीत कौर, अर्शदीप सिंह, कुलबीर सिंह, जिक्की सिंह, हरप्रीत सिंह, बाबा अजीत सिंह, गुरजीत कौर, कुलदीप कौर, रामेंद्र कौर, हरजीत कौर सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।