कतर्नियाघाट के मंझरा डैम में दिखा कॉमन मर्गेनसर पक्षियों का झुंड। : स्रोत: पर्यटक
बिछिया। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में इन दिनों कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच देशी-विदेशी पक्षियों का आवागमन लगातार बना हुआ है। गेरुआ नदी, कौड़ियाला नदी और मंझरा डैम इन दिनों रंग-बिरंगे पक्षियों से गुलजार हैं। सुबह और शाम के समय पक्षियों की चहचहाहट पूरे इलाके को जीवंत बना देती है, जिससे यहां आने वाले पर्यटकों का मन भी प्रसन्न हो उठता है।
इन दिनों पर्यटक जंगल सफारी और बोटिंग के साथ-साथ मंझरा डैम तक भ्रमण कर रहे हैं। रविवार को मंझरा डैम में पर्यटकों ने कॉमन मर्गेनसर पक्षी के झुंड को विचरण करते हुए देखा। घने कोहरे के बीच पानी में तैरते इन पक्षियों का दृश्य बेहद मनमोहक रहा। मर्गेनसर का झुंड देखकर पर्यटक रोमांचित हो गए और कई लोगों ने अपने मोबाइल कैमरे में इस खूबसूरत पल को कैद किया।
पक्षियों के जानकार और वन्यजीव विशेषज्ञ अभिषेक ने बताया कि यह कॉमन मर्गेनसर प्रजाति है। इसमें नर पक्षी का सिर गहरे हरे रंग का होता है, जबकि मादा का रंग भूरा होता है। ठंड के मौसम में ये पक्षी लंबी दूरी तय कर साइबेरिया से यहां आते हैं। इनकी मौजूदगी से कतर्नियाघाट की जैव विविधता और भी समृद्ध हो रही है, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है।