सिद्धनाथ मंदिर में भागवत कथा शुरू होने से पूर्व कलशयात्रा में शामिल लोग ।
बहराइच। पितृपक्ष के अवसर पर श्री सिद्धनाथ धाम में बृहस्पतिवार को श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पहले कलश यात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मंगल गीतों और जयकारों के बीच श्रद्धालु सिर पर कलश धारण कर यात्रा में शामिल हुए। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया गया।
कलश यात्रा के बाद विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ श्रीमद्भागवत पूजन किया गया। इसके बाद कथा का शुभारंभ हुआ। कथा व्यास श्री सिद्धनाथ पीठाधीश्वर, वरिष्ठ महामंडलेश्वर (जूना अखाड़ा) महंत स्वामी रवि गिरि महाराज कथा का वाचन करेंगे। आयोजकों के अनुसार पितृपक्ष में आयोजित कथा पितरों की शांति और आध्यात्मिक कल्याण के लिए समर्पित है। कथा स्थल पर दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही रही।