बहराइच में आईबी का इनपुट मिलने के बाद मुसाफिर खाना में जांच करते सीओ व अन्य।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। पाकिस्तान की ओर से भारत में आतंक फैलाये जाने के लिए नेपाल की खुली सीमा का सहारा लेने की आशंका आईबी ने जतायी है। खुली सीमा के रास्ते कुछ आतंकियों के भारतीय सीमा में प्रवेश करने का इनपुट मिलने के बाद सीमा से सटे जनपदों को अलर्ट जारी किया गया है। आईबी का इनपुट मिलने के बाद बहराइच में प्रशासन अलर्ट हो गया है।
एसपी डॉ. गौरव ग्रोवर का कहना है कि आईबी की ओर से आशंका जताए जाने की जानकारी मिली है। सीमा से सटे नवाबगंज, रुपईडीहा, मोतीपुर, मुर्तिहा, सुजौली आदि थानों की फोर्स को गश्त बढ़ाए जाने का निर्देश दिया गया है। जंगल के रास्तों पर भी कड़ी चौकसी बरते जाने के निर्देश दिए गए हैं। इस बारे में बात करने पर एसएसबी 42वीं वाहिनी के कमांडेंट एसके शर्मा ने कहा कि न्यूज चैनलों के माध्यम से उनको भी जानकारी मिली है।
एसपी के निर्देश पर बहराइच में मंगलवार देर रात पुलिस क्षेत्राधिकारी टीएन दूबे की अगुवाई में पुलिस कर्मियों ने गश्त की। सीओ की अगुवाई में शहर के मोहल्ला काजीपुरा स्थित मुसाफिरखाने में जाकर कमरों की छानबीन की गई। कार्यालय में उपलब्ध रजिस्टर पर दर्ज किए गए लोगों के नामों की भी जांच की गई। हालांकि पुलिस को छानबीन के दौरान कोई भी संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला। इसी तरह पुलिस ने शहर के अन्य कई होटलों व सराय में जाकर चेकिंग की।