बहराइच। महाराजा सुहेलदेव मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को सेंट्रल स्टेराइल सप्लाई डिपार्टमेंट (सीएसएसडी) का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस महत्वपूर्ण विभाग की स्थापना से अस्पताल में उपयोग होने वाले सभी शल्य उपकरण, ड्रेसिंग और अन्य चिकित्सकीय सामग्री को वैज्ञानिक तरीके से कीटाणुरहित रखकर मरीजों को अधिक सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
डिपार्टमेंट का उद्घाटन प्रधानाचार्य डॉ. संजय खत्री ने किया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में इस नई शुरुआत से इंफेक्शन कंट्रोल सिस्टम और अधिक सुदृढ़ होगा। अन्य अधिकारियों एवं चिकित्सकों ने सीएसएसडी की शुरुआत को मेडिकल कॉलेज के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर उप प्राचार्य डॉ. शहनवाज मलिक, सीएमएस डॉ. एमएमएम त्रिपाठी, मीडिया इंचार्ज डॉ. अरविंद शुक्ला, डॉ. राजेंद्र शुक्ला एवं हॉस्पिटल मैनेजर रिजवान सहित अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।