बहराइच। तराई में पिछले तीन दिनों से बारिश बंद है। इससे उमस फिर से हावी होती जा रही है। बृहस्पतिवार को सुबह से घने बादलों ने आसमान पर डेरा जमाए रखा, लेकिन दोपहर में कुछ देर धूप निकल आई। इससे बारिश की आस लगाए लोगों को निराशा हुई।
उधर उमस के बीच अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। रात में शहर के चांदपुरा, काजीपुरा, बसीरगंज, घंटाघर, गुदड़ी, नाजिरपुरा, सलारगंज, बशीरगंज, अस्पताल रोड, महराजगंज, छावनी, पुलिस लाइन और डीएम चौराहा क्षेत्र सहित कई मोहल्लों में बार-बार बिजली गुल होने से लोग गर्मी से बेहाल रहे। मौसम विशेषज्ञ डॉ. पीएल त्रिपाठी ने बताया कि बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वातावरण में पर्याप्त नमी बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में जिले के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।