फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मतदान के दौरान झड़प, फायरिंग

Thu, 29 Oct 2015 09:50 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/बहराइच
विज्ञापन
विज्ञापन
पंचायत चुनाव के अंतिम चरण का मतदान गुरुवार को गहमागहमी के बीच शुरू हुआ। ताजखोदाई मतदान केंद्र पर दो प्रत्याशी फर्जी वोटिंग को लेकर भिड़ गए। मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच किसी ने कट्टे से फायरिंग की। इससे अफरातफरी मच गई। मारपीट में एक प्रत्याशी समर्थक घायल हुआ है। रामगांव के रायपुर मतदान केंद्र पर जिला पंचायत सदस्य के एजेंट को एसओ ने पीट दिया।
विज्ञापन


चित्तौरा के सलारपुर और परसौरा मतदान केंद्रों पर फर्जी वोटिंग को लेकर रह-रह कर झड़प होती रही। अलिया बुलबुल बूथ के मतदान कर्मी दोपहर में चाय के बहाने खिसक गए। इसके कारण 40 मिनट मतदान बाधित रहा। पयागपुर के नूरपुर, शिवदहा, रुकनापुर मतदान केंद्रों पर अव्यवस्था के बीच वोटिंग हुई।

पयागपुर मतदान केंद्र पर राज्यमंत्री का फोटो मतदान केंद्र पर चस्पा रहा। जिला पंचायत के 12 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 328 पदों के लिए चुनाव हुआ। 2039 प्रत्याशियों के भाग्य देर शाम मतपेटियों बंद हो गए। 59 फीसदी मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।
विज्ञापन


अंतिम चरण के मतदान में जिला प्रशासन ने चाक चौबंद व्यवस्थाओं का दावा तो किया था लेकिन मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं तार-तार नजर आईं। सुबह सात बजे 676 बूथों पर वोटिंग की प्रक्रिया शुरू हुई। जिला पंचायत के 12 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 328 पदों के लिए मतदान हुआ।

शाम पांच बजे 268 जिला पंचायत और 1711 क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों के भाग्य मतपेटियों में बंद हो गए। विकासखंड चित्तौरा अंतर्गत ताजखोदाई मतदान केंद्र पर शाम 6:30 बजे मतदान खत्म होने पर मतपेटिका सील हो गई। इसी दौरान वार्ड नंबर 34 से चुनाव लड़ रहे जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी राजकुमार पाल और जेपी यादव फर्जी वोटिंग को लेकर आमने-सामने आ गए। थोड़ी देर में मारपीट शुरू हो गई।

इसी दौरान किसी ने दो चक्र फायरिंग कर दी। मारपीट में प्रत्याशी जेपी यादव का समर्थक 22 वर्षीय पिंटू पांडेय घायल हुआ है। सीओ सिटी अनूप कुमार ने बताया कि प्रत्याशी जेपी यादव ने राजकुमार पर हमलाकर फायरिंग करने की तहरीर दी है। विकासखंड चित्तौरा के रामगांव थाना अंतर्गत रायपुर मतदान केंद्र पर एक जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी के एजेंट प्रधान पति शरीफ अहमद मौजूद थे।

वह फर्जी वोटिंग का विरोध कर रहे थे। बूथ पर मौजूद एसओ डीपी कुशवाहा को यह नागवार गुजरा। उन्होंने शरीफ की पिटाई कर दी। इससे ग्रामीण भड़क उठे। बवाल की स्थिति बन गई। मौके पर जिलाधिकारी अभय कुमार, प्रेक्षक सीपीएन उपाध्याय ने फोर्स के साथ पहुंचकर हालात को संभाला।

बूथ पर तैनात एसओ डीपी कुशवाहा को मौके से हटाया गया। शहर से सटे इसी ब्लॉक के सलारपुर पोलिंग बूथ पर एक वर्ग विशेष का दबदबा कायम रहा। यहां 250 मतदाताओं को नाम न होने की बात कहकर वापस कर दिया गया। परसौरा मतदान केंद्र पर 180 लोग लौटाए गए। इससे प्रत्याशी एजेंटों में झड़प की स्थिति बन गई। यहां पर एडीएम के निर्देश पर पहुंचे सेक्टर मजिस्ट्रेट ने हालात को संभाला।

पयागपुर के नूरपूर, शिवदहा और रुकनापुर मतदान केंद्र पर एक साथ कई लोग वोट डालते दिखे। यहां पर पर्दे की भी व्यवस्था नहीं थी। पयागपुर जूनियर विद्यालय केंद्र पर राज्यमंत्री विनोद सिंह पंडित की फोटो चस्पा थी। उसे मतदान कर्मियों ने हटाना उचित नहीं समझा।

दोपहर 11:47 बजे चित्तौरा के अलिया बुलबुल मतदान केंद्र पर तैनात मतदान कर्मी चाय के बहाने खिसक गए। यहां पर पीठासीन विश्राम की अगुवाई में कर्मचारी तैनात थे। 40 मिनट तक मतदान बाधित रहा। कन्या प्राथमिक विद्यालय बेरिया में दोपहर 12 बजे सन्नाटा दिखा। 910 में से सिर्फ 150 लोगों ने मतदान किया था।

पयागपुर जूनियर विद्यालय मतदान केंद्र पर अंधेरा होने के कारण मतदान कर्मियों ने मोमबत्ती जलाकर वोटिंग करवाई। वहीं रिसिया और चित्तौरा के भी कई बूथों पर अंधेरा होने के कारण मोमबत्ती और लालटेन का सहारा मतदान कर्मियों को लेना पड़ा।

विकासखंड चित्तौरा अंतर्गत ताजखोदाई ग्राम पंचायत के 187 मतदाताओं के नाम सूची से नदारद रहे। मतदाता वोट देने मतदान केंद्र पहुंचे लेकिन सूची में नाम न होने की बात कहकर उन्हें मतदान केंद्र से वापस कर दिया गया। यह स्थिति कमोवेश 50 फीसदी से अधिक मतदान केंद्रों पर रही। मतदान न कर पाने से आहत ग्रामीणों ने गांव निवासी जगदीश, सुनीता, सुशील और सुभाष की अगुवाई में जिला निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचन आयोग को पत्र भेजा है।

विकासखंड चित्तौरा और पयागपुर के जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्य के छह प्रत्याशियों ने निर्वाचन आयोग को पत्र भेजकर मतदान कर्मियों पर भेदभाव के बीच मतदान कराने का आरोप लगाया है। प्रत्याशियों का कहना है कि एक समुदाय विशेष के प्रत्याशियों के मतदाताओं को ही तवज्जो दिया गया।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें