एसएसबी ने रविवार सुबह सीमा पर कांबिंग के दौरान चीतल की खाल बरामद की। खाल लेकर सीमा में प्रवेश कर रहा तस्कर एसएसबी को देखकर साइकिल व सामान छोड़कर नेपाल की ओर भाग गया। एसएसबी ने मौके से चीतल की खाल के साथ आधा किलो चरस व एक देशी पिस्टल भी बरामद की है।
बरामद खाल, पिस्टल और चरस को एसएसबी ने सुजौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने बरामद माल को सीज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सशस्त्र सीमा बल 59वीं बटालियन के एसआई राजपाल व संदीप शर्मा जवानों के साथ भारत-नेपाल सीमा पर रविवार सुबह कांबिंग कर रहे थे।
कांबिंग के दौरान पिलर संख्या 85-86 के बीच नेपाल की ओर से एक साइकिल सवार नेपाली युवक आता दिखायी दिया। उसे जवानों ने रोकने का प्रयास किया। एसएसबी जवानों को देखकर नेपाली युवक साइकिल व सामान छोड़कर नेपाल सीमा की ओर भाग गया।
मौके पर छूटी साइकिल व अन्य सामान की एसएसबी जवानों ने जांच की। जिसमें चीतल की दो खाल बरामद हुई। इसके साथ ही आधा किलो नेपाली चरस व एक देशी पिस्टल भी बरामद हुआ। जवानों की सूचना पर सुजौली एसओ बीपी श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। एसएसबी ने बरामद सामान को पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
एसओ ने बताया कि बरामद सामान को सीज कर जांच शुरू कर दी गई है। कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के डीएफओ आशीष तिवारी ने बताया कि बरामद चीतल की खाल कतर्निया के जंगलों में विचरण कर रहे वन्यजीवों की नहीं है। यह खाल नेपाल के रायल बर्दिया पार्क के चीतल की हो सकती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।