जंगूटाड़ा गांव में विद्यालय की छत पर दिखा तेंदुआ। -स्रोत : ग्रामीण
बिछिया (बहराइच)। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग क्षेत्र के आबादी वाले इलाके में तेंदुए की मौजूदगी ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। जंगूटाड़ा गांव के प्राथमिक स्कूल की छत पर मंगलवार रात तेंदुआ आराम फरमाता दिखा।
गांव निवासी अंकित मिश्रा ने बताया कि वह रात को खेत की ओर जा रहे थे, तभी उन्हें किसी जानवर की तेज गुर्राहट सुनाई दी। सहमते हुए जब उन्होंने टॉर्च की रोशनी इधर-उधर डाली तो कुछ नजर नहीं आया, लेकिन जैसे ही टॉर्च की लाइट स्कूल की छत पर पड़ी, वहां तेंदुआ बैठा दिखा। यह देखकर वे दबे पांव घर की ओर लौटे और गांव वालों को खबर दी।
ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी लेकिन कोई भी वनकर्मी नहीं पहुंचा। कुछ बाद ग्रामीणों ने हांका लगाना शुरू कर दिया। इस पर तेंदुआ छलांग लगाकर पास के गन्ने के खेत में घुस गया।
स्कूल के आसपास अंबिका प्रसाद मिश्रा, राजकिशोर मिश्रा, कोटेदार माता प्रसाद सहित कई परिवार रहते हैं। खेत से सटे इन घरों के लोग तेंदुए की मौजूदगी से बेहद डरे हुए हैं।