बहराइच। नीति आयोग के स्वास्थ्य सलाहकार आलोक कुमार ने प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय बलहा व मेहरबाननगर, आंगनबाड़ी केंद्र बलहा प्रथम, स्वास्थ्य केंद्र बढ़ैय्याकला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मेहरबाननगर में बच्चों की ओर से क्रमवार प्रधानमंत्रियों के नाम बताने पर वह बहुत खुश हुए। चार बच्चों का अन्नप्राशन कराते हुए छह महिलाओं की गोदभराई भी कराई।
स्वास्थ्य सलाहकार आईएएस आलोक कुमार ने बलहा विद्यालय परिसर में स्थापित आंगनबाड़ी केंद्र बलहा प्रथम का निरीक्षण करते हुए छह गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की तथा चार बच्चों का अन्नप्राशन कराया। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र पर स्थापित की गई पोषण वाटिका का अवलोकन किया।
उन्होंने मौके पर मौजूद बाल विकास परियोजना अधिकारी विमला कुमारी को निर्देश दिया कि कुपोषण की समस्या के समाधान के लिए लोगों को पोषण के बारे में जागरूक किया जाए।
इसके बाद आलोक कुमार ने प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय बलहा का निरीक्षण करते हुए बच्चों के लर्निंग टैलेंट को परखते हुए शिक्षा की गुणवत्ता में कैसे सुधार आये, इसके बारे में शिक्षक-शिक्षिकाओं से उनके विचार जाने और कुछ महत्वपूर्ण टिप्स भी दिये। इसके बाद स्वास्थ्य सलाहकार ने प्राथमिक विद्यालय मेहरबाननगर का निरीक्षण किया। यहां पर बच्चों द्वारा क्रमवार देश के प्रधानमंत्रियों के नाम बता देने पर वह बहुत प्रसन्न हुए।