बहराइच। विद्यार्थियों में गणितीय क्षमता निखारने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र, हुजूरपुर में गणित ओलंपियाड का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के कुल 74 बच्चे शामिल हुए। चयनित बच्चे अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे। जिला स्तर पर अव्वल छात्रों को स्वर्ण पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
जूनियर विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की गणितीय प्रतिभा को पहचानने के उद्देश्य से पहले विद्यालय स्तर पर परीक्षा का आयोजन हुआ था। इसमें 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक पाने वाले छात्रों का चयन ब्लॉक स्तरीय परीक्षा के लिए किया गया था। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र पर गणित ओलंपियाड परीक्षा हुई।
खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर चौरसिया ने बताया कि ब्लॉक स्तरीय परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
परीक्षा का संचालन खंड शिक्षा अधिकारी के साथ प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह और ब्लॉक मंत्री इंद्रजीत सिंह, कक्ष निरीक्षक सर्वेश कुमार, कांति सिंह, बज्म आरा, देवब्रत और रवि वर्मा ने किया। इस दौरान बीआरसी के वरिष्ठ सहायक आकाश अवस्थी व प्रदीप कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।
स्वर्ण पदक के लिए चाहिए 80 प्रतिशत अंक
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष सिंह ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को जिला स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल करने के लिए 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक जनपद स्तरीय परीक्षा में हासिल करने होंगे।