बहराइच के बक्शीपुरा मोहल्ले में नकाबपोश बदमाशों ने भट्ठा व्यवसायी के घर में घुसकर महिला व बच्ची को बंधक बना लिया। बदमाश 90,000 नकद व आभूषण लूटकर छत से फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
बहराइच। शहर के बक्शीपुरा चांदमारी नई बस्ती मोहल्ले में बृहस्पतिवार दोपहर भट्ठा व्यवसायी अमित कुमार मिश्रा के घर पर नकाबपोशों ने डेढ़ घंटे तक उत्पात मचाया। वारदात के समय घर में अमित की पत्नी प्रियांशी अपनी डेढ़ वर्षीय बच्ची के साथ अकेली थीं। प्रियांशी व मासूम को बंधक बनाकर बदमाश सारा कीमती सामान समेट ले गए।
विज्ञापन
दोपहर बाद अमित घर लौटे तो काफी देर तक आवाज लगाने पर भी दरवाजा नहीं खुला। आखिरकार उन्होंने दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो पत्नी बंधक बनी हुई थीं। अमित को घटना की जानकारी देते हुए प्रियांशी ने बताया तीन नकाबपोश बदमाश घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी खटका कर भीतर घुस आए। उनको काबू में कर बच्ची समेत कमरे में बंधक बना लिया और फिर घर को लगभग डेढ़ घंटे तक खंगाला। बदमाश 90,000 की नकदी, आभूषण और अन्य सामान समेटकर भाग गए।
पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर पंहुप सिंह और दरगाह थाने के उपनिरीक्षक अनूप मणि त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। सीओ ने बताया केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
वारदात का अनोखा तरीका
बदमाशों ने घर में घुसने के लिए मुख्य दरवाजा इस्तेमाल किया, लेकिन निकलते समय छत का रास्ता चुना। उन्होंने घर के अंदर से साड़ियों को छत पर बने कमरे की खिड़की से बांधकर नीचे लटकाया और फिर दो मंजिला मकान से लूट का सामान लेकर उतर गए।