रिसिया के चुरचाही विद्यालय में परीक्षा देते बच्चे।
- फोटो : तराई इलाके में कटाना करती नदी।
बहराइच। जिले के परिषदीय विद्यालयों में सत्र परीक्षा का सिलसिला जारी है। मंगलवार को परीक्षा का दूसरा दिन रहा, जिसमें कक्षा 3 से 8 तक के छात्र-छात्राओं ने अंग्रेजी विषय का इम्तिहान दिया। विद्यालयों में सुबह से ही बच्चों में उत्साह देखने को मिला। जिन स्कूलों में महिला शिक्षिकाओं और शिक्षामित्रों की तैनाती है उन स्कूलों में हरितालिका तीज पर्व अवकाश होने से परीक्षा प्रभावित हुई।
सत्र परीक्षा के लिए छात्र-छात्राएं सुबह समय पर विद्यालय पहुंचे। कई जगह बच्चों को परीक्षा केंद्र तक लाने के लिए अभिभावक भी पहुंचे। बच्चों ने समय पर बैठकर प्रश्नपत्र हल किए। शिक्षकों के अनुसार, बच्चे अंग्रेजी के प्रश्नों को लेकर गंभीर दिखे और अधिकांश ने पूरे समय का उपयोग किया। जिले के सभी विकास खंडों में मिलाकर 2803 विद्यालयों में परीक्षा कराई जा रही है। शिक्षा विभाग ने परीक्षा की पारदर्शिता के लिए जिम्मेदार शिक्षकों को कड़े निर्देश दिए हैं। ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों की टीमों ने भी कई विद्यालयों का निरीक्षण किया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष सिंह ने बताया कि जिन स्कूलों में केवल महिला शिक्षिकाएं तैनात थीं, वहां पर मंगलवार को परीक्षा नहीं हो सकी। बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से पहले ही आदेश जारी किया गया था कि ऐसे विद्यालयों में परीक्षा की तारीख बढ़ा दी जाएगी। लिहाजा अब इन विद्यालयों में अंग्रेजी विषय की परीक्षा 30 अगस्त को कराई जाएगी।