पोलियो के समूल खात्मे के लिए रविवार को जिला अस्पताल परिसर में एडीएम, सीएमओ व बाल रोग विशेषज्ञ ने नौनिहालों को वैक्सीन पिलाकर पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान बच्चों को सीटी, सन कैप व खिलौने बांटे गए। एडीएम ने लोगों से अपने बच्चों को जरूर पिलाने की अपील की है।
अपर जिलाधिकारी विद्याशंकर सिंह रविवार की सुबह जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने यहां स्थापित बूथ में बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। साथ में सीएमओ डॉ. केबी जैन, सीएमएस डॉ. माहेश्वरी पांडेय, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. केके वर्मा ने भी बच्चों को खुराक दी। इस दौरान बच्चों को खिलौने बांटे गए।
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान की शत प्रतिशत सफलता के लिए 1865 बूथ स्थापित किए। इन बूथों के जरिए शून्य से पांच साल के सात लाख 71 हजार बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया था। रविवार को पोलियो दिवस के दौरान करीब सवा लाख बच्चों को दवा दी गई है।
सीएमओ ने बताया कि कार्यक्रम में 5595 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। एसीएमओ व डिप्टी सीएमओ ने बूथों का निरीक्षण किया है। बताया कि अगले पांच दिनों तक छूटे बच्चों को डोर-टू-डोर अभियान के तहत पोलियो दवा से आच्छादित किया जाएगा।