रामगांव थाना क्षेत्र के दामोदरजोत गांव निवासी एक बालक मंगलवार को नित्यक्रिया के बाद खेत में चल रहे पंपिंग सेट पर हाथ धुलने और पानी पीने चला गया। इसी दौरान वह खेत के चारो तरफ लगे कटीले तार में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से झुलसकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बालक की मौत से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रामगांव थाना क्षेत्र के दामोदरजोत गांव निवासी धर्मेंद्र (10) पुत्र सुखराम सुबह नित्यक्रिया के लिए खेत को गया था। नित्यक्रिया के बाद लौटते समय वह पास के खेत में चल रहे पंपिंग सेट पर हाथ धुलने व पानी पीने चला गया। उस खेत के बगल में स्थित खेत में लगे कटीले तार की बाड़ में करंट प्रवाहित हो रहा था। इससे अनजान धर्मेंद्र ने तार पकड़ लिया, जिससे करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना से ग्रामीणोें में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिवारीजन भी रोते-पीटते मौके पर पहुंचे। मालूम हो कि मृतक धर्मेंद्र का पिता बहराइच शहर में रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण करता है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।