कैसरगंज (बहराइच)। थाना क्षेत्र के कुड़ौनी गांव निवासी एक महिला अपनी बेटी व बेटे के साथ गुरुवार को मायके कोड़री नवाजिस गांव जा रही थी। इसी दौरान लखनऊ-बहराइच मार्ग पर पवही गांव के पास लखनऊ की ओर से आ रही जीप ने चार वर्षीय बच्ची को टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि मां-बेटे बाल-बाल बच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कैसरगंज थाना क्षेत्र के कुड़ौनी गांव निवासी दिनेश यादव की पत्नी रीमा यादव अपनी चार वर्षीय बेटी ज्योति व बेटे आशीष यादव (2) के साथ मायके कोड़री गांव के लिए गुरुवार को रवाना हुई। इसी दौरान महिला बच्चों के साथ लखनऊ-बहराइच मार्ग पर पवही गांव के पास पहुंची, तभी बेटी ज्योति को लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार जीप ने कुचल दिया।
हादसे में मौके पर ही ज्योति की मौत हो गई, जबकि महिला व बेटा बाल-बाल बच गया। दुर्घटना से मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसओ ने बताया कि मृत बच्ची के पिता की तहरीर पर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। चालक की तलाश की जा रही है।