शिंभावली चीनी मिल की ओर से ग्राम पंचायत की जमीन पर निकाला जा रहा गंदा पानी व शीरा।
धरसवा (बहराइच)। चिलवरिया स्थित शिंभावली चीनी मिल का केमिकल युक्त प्रदूषित पानी आबादी क्षेत्र में स्थित सरकारी जमीन पर फेंका जा रहा है। इस प्रदूषित पानी से निकलने वाली तीखी बंदबू से आसपास के ग्रामीणों के साथ ही सड़क मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों का जीना तक मुहाल है। गंदे पानी के भराव से संक्रामक रोग फैलने की आशंका से नाराज क्षेत्रीय लोगों ने बृहस्पतिवार को इसके विरोध में प्रदर्शन भी किया।
विरोध प्रदर्शन में शामिल चिलवरिया निवासी मनोज, विजय, अनिल व पंकज इत्यादि ने बताया कि सरकारी जमीन पर एकत्रित मिल के प्रदूषित पानी से इतनी दुर्गंध आती है कि खाना पीना तक दूभर हो जाता है। गंदे पानी के कारण चिलवरिया बाजार , बरौवा, उननैसा, मछियाही सहित आस पास के ग्रामीणों को भी परेशानी उठाना पड़ रही है।
इस मामले में खंड विकास अधिकारी, चित्तौरा विनोद कुमार ने किसी भी तरह की शिकायत से अनभिज्ञता जताई। बताया कि अगर सरकारी जमीन पर मिल का प्रदूषित पानी फेंका जा रहा है तो इसकी रोकथाम के लिए जल्दी उचित कार्रवाई कराई जाएगी। जबकि शिभांवली चीनी मिल के डीएम डिस्टलरी भारतेंदु सिंह का कहना है कि बातचीत के आधार पर इस समस्या को निस्तारित कराने का प्रयास किया जा रहा है। पानी के भराव वाले स्थान पर नियमित तौर से चूने का छिड़काव भी कराया जा रहा है।
पहले सरकारी जमीन कब्जाने का था प्रयास
मिल प्रशासन ने पूर्व में ग्राम सभा की जमीन पर कब्जे का प्रयास करते हुए दीवार उठाने का प्रयास किया था। क्षेत्रीय लोगों के विरोध के बाद इस दीवार को ढहा दिया गया था। मिल प्रबंधन अब उसी जमीन पर केमिकल युक्त गंदा पानी फेंक कर क्षेत्र में प्रदूषण फैला रहा है।
राजन सिंह, प्रधान प्रतिनिधि, मछियाही