चर्दा (बहराइच)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चर्दा में जीवन रक्षक दवाएं नहीं हैं। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों को पूरी दवाएं नहीं मिल पा रही हैं। इस वजह से उन्हें बाहर से महंगे दाम में दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं।
मौसम में अचानक हुए परिवर्तन के कारण क्षेत्र में सर्दी, जुकाम, बुखार सहित अन्य मरीजों की संख्या बढ़ गई है। प्रतिदिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चर्दा में तीन से चार सौ मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। लेकिन यहां जीवन रक्षक दवाओं की बड़ी कमी है। शनिवार को सीएचसी में इंजेक्शन मेट्रोनिडाजॉल 100 एमजी, एनएस 100 एमएल, पेंटेपराजॉल इंजेक्शन, डेक्सामेथासोन, मेथायिलकोबैलामाइन, इंजेक्शन मेनिटोल 100 एमएल, अमीकाशीन 100, 250 व 500 एमजी, आयरन सुक्रोस, जेंटामाइसिन, टेबलेट विटामिन बी कॉम्प्लेक्स व अजीथ्रोमायसिन सहित कई अन्य दवाएं खत्म हो गईं हैं।
शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चर्दा में इलाज कराने पहुंचे भगवानपुर निवासी चंद्रिका (45), सुभिया (23), सेवकराम (20) ने बताया कि पांच दवाएं डॉक्टर ने लिखी थीं, उसमें तीन दवाएं नहीं मिलीं। वे बाहर मेडिकल स्टोर पर खरीदने जा रहे हैं। केवलपुर निवासी शिव कुमार (40), कुसुमा देवी (38) का कहना है कि उनका ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ है। शनिवार को वे दवा लेने आए थे, लेकिन अस्पताल में दवा नहीं मिली। अब बाहर से लेना पड़ेगा। यही नहीं कुछ डॉक्टर समय से नहीं पहुंचते हैं। इससे मरीजों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है।
दवाओं की कमी नहीं है। सभी अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध हैं। मांग के अनुसार दवाएं भेजी जाती हैं। -डॉ.राजेश कुमार, प्रभारी सीएमओ